एशिया की सबसे बड़ी मोटर मार्केट से हटाए जाएंगे मैकेनिक

जाम की समस्या पर अदालती आदेश के बाद आज हो सकती है कार्यवाही

मैकेनिकों की मांग, प्रशासन जहां चाहे उन्हें बसा दे
30 साल से मोटर मार्केट में काम कर रहे हैं मैकेनिक

चंडीगढ़। मनीमाजरा स्थित एशिया की सबसे बड़ी मोटर मार्केट में सन्नाटा पसरने के आसार बन गए हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले के तहत इस मार्केट में बड़े शोरूम के सामने बैठे सभी मैकेनिकों को हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। माना जा रहा है कि सोमवार सुबह यूटी प्रशासन इस संबंध में कार्यवाही शुरु करेगा और सड़क किनारे व शोरूमों के सामने पार्किंग में काम कर रहे मोटर मैकेनिकों के टूल बाक्स वहां से हटा दिए जाएंगे।
दरअसल एक व्यक्ति की ओर से मनीमाजरा मोटर मार्केट में आए दिन लगने वाले जाम को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर आदेश जारी करते हुए हाईकोर्ट ने ऐसे सभी मोटर मैकेनिकों को सड़क किनारों और पार्किंग एरिया से हटाने को कहा है जो पार्किंग एरिया में ही वाहन ठीक करते हैं और इससे जाम की स्थिति बन जाती है।
हाईकोर्ट के फैसले से परेशान मनीमाजरा मोटर मैकेनिकों के संगठन के प्रमुख बघेल सिंह ने बताया कि संगठन के सभी सदस्य मैकेनिकों के साथ बैठक की गई है और सभी मैकेनिक अदालती आदेश के पालन पर राजी हैं लेकिन उन्होंने यूटी प्रशासन से आग्रह किया है कि करीब 30 साल से दिहाड़ीदार के रूप में यहां काम कर रहे मोटर मैकेनिकों को शहर में कहीं भी कोई स्थान अलाट कर दिया जाए ताकि वह अपनी रोजी-रोटी चला सकें। बघेल सिंह ने कहा कि वह अदालत का सम्मान करते हैं लेकिन हर रोज कमाकर खाने वाले मैकेनिकों का भी ख्याल रखा जाए जिनके साथ उनके परिवार भी जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि मनीमाजरा मोटर मार्केट में छह सौ से ज्यादा मैकेनिक सड़क व पार्किंग एरिया में हर रोज अपना टूल बाक्स रखकर काम करते हैं और दिनभर में होने वाली कमाई से ही वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला करीब 30 साल से चला आ रहा है। अब अगर प्रशासन को कोई आपत्ति है तो वह मैकेनिकों को कहीं भी बसा दे लेकिन इस तरह उन्हें उजाड़कर उनकी रोजी-रोटी न छीने। इस संबंध में बुलाई गई संगठन की बैठक में बघेल सिंह के अलावा महासचिव रणजीत सिंह, कोषाध्यक्ष वरिंदर सिंह बिंदा, राम, रत्न, लक्ष्मण और भारी संख्या में मोटर मैकेनिक भी मौजूद रहे।
उधर, अदालती आदेश के बाद मनीमाजरा मोटर मार्केट के स्थायी दुकानकारों की चिंता भी बढ़ गई है। उनका कहना है कि उनके शोरूम के सामने बैठे मैकेनिक ग्राहकों के वाहन ठीक करते समय उनसे ही स्पेयर पार्ट्स व अन्य सामान खरीदते हैं। अगर मोटर मार्केट में मैकेनिक ही नहीं रहेंगे तो उनके पास स्पेयर पार्ट्स या मोटर असेसरीज खरीदने को कौन आएगा। कुछ शोरूम मालिकों ने कहा कि अगर मैकेनिकों को यहां से हटा दिया गया तो एशिया की यह सबसे बड़ी मोटर मार्केट पूरी तरह तबाह हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *