“गैंगस्टरों पर वार” के तहत पंजाब में 587 स्थानों पर छापेमारी, 241 गिरफ्तार

“युद्ध नशे विरुद्ध” के 377वें दिन 64 नशा तस्कर भी दबोचे

चंडीगढ़। पंजाब में शुरू की गई निर्णायक “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम के 52वें दिन शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के पहचाने और मैप किए गए 587 ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने 241 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 11 हथियार बरामद किए। इसके साथ ही इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14,340 हो गई है। इसके अलावा 103 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है, जबकि 102 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 3 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
उल्लेखनीय है कि “गैंगस्टरों पर वार” मुहिम पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने की थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं। आम लोगों को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गोपनीय ढंग से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी देने को कहा गया है।
“युद्ध नशे विरुद्ध”
पंजाब पुलिस की टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम “युद्ध नशे विरुद्ध” को 377वें दिन भी जारी रखते हुए शुक्रवार को 64 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 13 किलो हेरोइन, 2.6 किलो अफीम और 443 नशीली गोलियां/कैप्सूल बरामद किए गए। इसके साथ ही बीते 377 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 53,383 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *