नालंदा के मंदिर में मची भगदड़ से 9 लोगों की मौत, 12 घायल

पटना। बिहार के नालंदा जिले के दीपनगर क्षेत्र स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार दोपहर भगदड़ मचने से 8 महिलाओं सहित 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई गई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये देने का ऐलान किया है और केंद्र सरकार ने भी 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, चैत्र माह का आखिरी मंगलवार को इस मंदिर में मेले का आयोजन होता है, जिसमें हिस्सा लेने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालू एकत्र हुए थे। लेकिन मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस प्रबंध नहीं किए जाने के चलते श्रद्धालुओं में एक-दूसरे से आगे निकलने की प्रयास में भगदड़ मची, जिसने बड़े हादसे का रूप ले लिया। घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया है और मंदिर परिसर को खाली करा लिया गया है। घटना के बाद पुलिस बल भी भारी संख्या में तैनात कर दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर खेद जताया
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के इलाज की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले और घायल श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *