फिल्म ‘मिट्टी पंजाब दी’ के अभिनेता रब्बी कंधोला ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल

चंडीगढ़। किसानों के जीवन और पंजाब की मिट्टी से जुड़े विषयों पर आधारित पंजाबी फिल्म ‘मिट्टी पंजाब दी’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता रब्बी कंधोला गुरुवार को अपने समर्थकों सहित अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हो गए। सेक्टर-27 स्थित चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई। रब्बी कंधोला के पार्टी में शामिल होने को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धि माना जा रहा है।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद रब्बी कंधोला ने कहा कि वह अकाली दल वारिस पंजाब दे की उस विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े हैं, जो पंजाबी मातृभाषा के संरक्षण, पंजाबियों के अधिकारों की रक्षा, युवाओं की बेहतर शिक्षा, पेपर लीक जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई तथा रोजगार के लिए पारदर्शी और मजबूत कानून बनाने की वकालत करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाना समय की आवश्यकता है और वह इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

इस अवसर पर सांसद सरबजीत सिंह खालसा, सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह, विधायक मनप्रीत सिंह अयाली सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने रब्बी कंधोला और उनके समर्थकों को सिरोपा भेंट कर पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी।

पार्टी नेताओं ने कहा कि रब्बी कंधोला के जुड़ने से संगठन को सामाजिक स्तर पर नई मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी लोकप्रियता और सामाजिक पहचान का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा पंजाब और युवाओं से जुड़े मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

रब्बी कंधोला ने कहा कि उन्होंने पंजाब, पंजाबी भाषा और पंथक विचारधारा की सेवा के उद्देश्य से पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *