शाह साहब, पंजाब में स्वागत है पर जुमलेबाजी करके लौट मत जाना: अमन अरोड़ा

केंद्रीय गृह मंत्री से पूछे 6 सवाल-
– पंजाब का चार साल से रोका 8300 करोड़ का आरडीएफ-एमडीएफ फंड कब देंगे?
– जीएसटी मुआवजा बंद होने  से पंजाब के 55000-60000 करोड़ के नुकसान की भरपाई कब होगी?
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1600 करोड़ की बाढ़ राहत राशि पंजाब को कब मिलेगी?
– किसानों-छोटे व्यापारियों के लिए खतरनाक भारत-अमेरिका व्यापार समझौता क्यों किया जा रहा है?
– सीमापार और पड़ोसी राज्यों से हो रही नशा तस्करी के खिलाफ पंजाब की जंग में केंद्र कब मदद करेगा?
– क्या केंद्र सरकार पंजाब में उद्योग-व्यापार को पटरी पर लाने के लिए कोई विशेष औद्योगिक पैकेज देगी?

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने 14 मार्च को पंजाब आ रहे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा पूरे देश के लोगों को जुमले सुनाकर गुमराह करती रही है, अमित शाह भी अपनी आदत के मुताबिक उसी तरह के जुमले छोड़कर चले जाएंगे। गौरतलब है कि अमित शाह 14 मार्च को मोगा के गांव किल्ली चहलां में पंजाब भाजपा की बदलाव रैली को संबोधित करने पंजाब पहुंच रहे हैं।
गुरुवार को पंजाब भवन में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अरोड़ा ने कहा कि आप प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री होने के नाते वे अमित शाह के आने पर पंजाब के तीन करोड़ लोगों की ओर से छह अहम सवाल जरूर करना चाहते हैं। अरोड़ा ने कहा कि शाह साहब, पंजाब आपका स्वागत करता है, लेकिन इन सवालों के जवाब जरूर देकर जाना। सिर्फ बातें सुनाकर, झूठे वादे करके या जुमलेबाजी करके लौटकर न जाना। पंजाब के जख्म पहले से ही कई मसलों पर हरे हैं— कभी चंडीगढ़ की बात आती है, कभी पंजाब के पानियों की बात आती है, जिन पर भाजपा और केंद्र सरकार बार-बार चोट करती रही है। अरोड़ा ने कहा कि हमारे जख्म पहले ही बहुत हरे हैं, उन्हें और कुरेदकर न जाइए, बल्कि मरहम लगाकर जाइए।
अरोड़ा ने कहा कि पंजाब के किसान दिन-रात मेहनत करके अपने खून-पसीने की कमाई से फसलें उगाकर मंडियों में लेकर आते हैं। रूरल डेवलपमेंट फंड (आरडीएफ) और मार्केट डेवलपमेंट फंड (एमडीएफ) का 8300 करोड़ रुपया पिछले करीब चार सालों से केंद्र सरकार ने पंजाब को जारी नहीं किया है। यह रकम ग्रामीण बुनियादी ढांचे, ग्रामीण विकास, सड़कों और मंडियों के निर्माण पर खर्च होनी थी। अरोड़ा ने उम्मीद जताई कि 14 मार्च की रैली में अमित शाह यह ऐलान करके जाएं कि केंद्र सरकार यह 8300 करोड़ रुपया तुरंत पंजाब को जारी कर रही है। अरोड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2017 में जीएसटी व्यवस्था शुरू की और पंजाब, जो पूरे देश का ‘फूड बाउल’ है, उसे पांच साल तक जीएसटी मुआवजा दिया, लेकिन 2022 में वह भी खत्म कर दिया गया, जिसके कारण पंजाब को करीब 55 से 60 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब ने अब तक की सबसे भयानक बाढ़ का सामना किया। प्रधानमंत्री मोदी यहां आए, हवाई दौरा किया और 1600 करोड़ रुपये का ऐलान अपने मुंह से कर गए। अरोड़ा ने अफसोस जताते हुए कहा कि उस 1600 करोड़ में से 16 रुपये भी अभी तक पंजाब को नहीं पहुंचे हैं। अरोड़ा ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से होने वाले नुकसान, नशा तस्करी और पंजाब को विशेष औद्योगिक पैकेज की मांग भी उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *