पंजाब के किसान संगठनों का प्रतिनिधिमंडल सुनील जाखड़ से मिला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से चुनाव घोषणा पत्र में किसानों की मांगें शामिल करने की मांग

चंडीगढ़। पंजाब की विभिन्न किसान संगठनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में हरमीत सिंह कादियां (बीकेयू कादियां), फुरमान सिंह संधू (बीकेयू पंजाब), जंगवीर सिंह चौहान (दोआबा किसान कमेटी पंजाब), बलविंदर सिंह मल्ल्ही नंगल (दोआबा किसान संघर्ष कमेटी), बलविंदर सिंह राजू औलख (माझा किसान संघर्ष कमेटी), मलूक सिंह हीरके (बीकेयू मालवा हीरके) और कुलदीप सिंह बलजीदपुर (दोआबा किसान यूनियन पंजाब) शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने मांग पत्र में पंजाब के नदी जल विवाद का समाधान रिपेरियन सिद्धांत के आधार पर करने, किसानों को कर्ज से मुक्त करने, फसलों के लिए एमएसपी और भाव अंतर योजना लागू करने, किसान आयोग और जनरल कैटेगरी आयोग के गठन जैसी प्रमुख मांगें रखीं। इसके अलावा, पंजाब में नौकरियों में पंजाबियों को प्राथमिकता देने, गन्ने का बकाया समय पर चुकाने, नशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नकली दूध की जांच के लिए मोबाइल प्रयोगशालाएं शुरू करने की भी मांग की गई।
किसान नेताओं ने भाजपा से अपील की कि आने वाले चुनाव घोषणा पत्र में इन मांगों को शामिल किया जाए और पंजाब के मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसानों की जायज मांगों को पार्टी मंच पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *