चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अपनी पत्नी अनीता कटारिया के साथ मंगलवार को पंजाब लोक भवन के गुरु नानक ऑडिटोरियम में आयोजित एक समारोह में पंजाब लोक भवन कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को शिक्षा, खेल व अन्य क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी मेहनत को मान्यता देने के लिए राज्यपाल के विवेकाधीन कोष से उपलब्धि प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके तहत 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले दसवीं कक्षा के 11 विद्यार्थियों को 11,000-11,000 रुपये, बारहवीं कक्षा के 3 विद्यार्थियों को 21,000-21,000 रुपये, नीट/जेईई की तैयारी कर रहे 6 विद्यार्थियों को कोचिंग फीस का 30 प्रतिशत अनुदान दिया गया, जिसकी कुल राशि 1,63,200 रुपये रही। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत 21 विद्यार्थियों को उनकी वार्षिक फीस का 30 प्रतिशत सहायता प्रदान की गई, जिसकी कुल राशि 6,25,900 रुपये रही। उच्च शिक्षा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक विद्यार्थी को 10,900 की सहायता भी दी गई। खेल श्रेणी में 7 विद्यार्थियों को कुल 41,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जबकि राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थियों, स्कूल स्तर पर पदक विजेताओं व ग्रुप-ए अधिकारियों के दो बच्चों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त प्रमाण-पत्र दिए गए। कुल मिलाकर 10.25 लाख की वित्तीय सहायता के साथ 25 प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
पंजाब लोक भवन कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को राज्यपाल ने किया सम्मानित
