
अमृतसर। अदालत द्वारा दिल्ली शराब घोटाला केस में सभी आरोपों से मुक्त होने और ‘कट्टर ईमानदार’ वाली अपनी छवि के साथ आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका और वाहेगुरु का शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी ने भी उनके साथ श्री दरबार साहिब में माथा टेका।
मीडिया से बातचीत के दौरान आप सुप्रीमो केजरीवाल ने कहा, “यह वाहेगुरु की कृपा और आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था। मैं पहले भी कई बार दरबार साहिब आया हूं और वाहेगुरु का आशीर्वाद लिया है। अब जब हमारा सम्मान बहाल हो गया है और हम सभी आरोपों से मुक्त हो गए हैं, आज मैं, मेरी पत्नी, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और उनकी पत्नी हमारे परिवारों समेत वाहेगुरु के सामने नतमस्तक होने और शुक्रिया अदा करने आए हैं। वाहेगुरु हमारा मार्गदर्शन करते रहें और हम पर अपनी असीसें बरसाते रहें। वाहेगुरु ने हमें लोगों की सेवा करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है और हम उसी भावना से लोगों की सेवा करते रहेंगे।”
केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर भी लिखा, “गुरुवार को भगवंत मान और मैं अपने परिवारों सहित श्री सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक हुए। मेरे और मेरी पार्टी के कई नेताओं पर झूठे आरोप लगाए गए थे। अदालत ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया और स्पष्ट रूप से कहा कि मुकदमा चलाने के लिए ये सबूत काफी नहीं हैं। सच की यह जीत वाहिगुरु की कृपा के बिना संभव नहीं थी। सच के मार्ग पर चलने वालों को हमेशा गुरु का आशीर्वाद मिलता है।”
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हमने पंजाब के लिए चढ़दी कला और सभी की भलाई के लिए अरदास की है और परमात्मा से प्रार्थना की है कि वे हमें लोक सेवा की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए बल और ताकत प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि इस संकल्प के साथ कि हम सभी पंजाब को अग्रणी राज्य बनाने में तहे दिल से योगदान देंगे, हम आज अपने परिवारों सहित परमात्मा का धन्यवाद करने आए हैं।
