श्रीनगर। श्री अमरनाथ यात्रा की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। इस साल यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। कुल 57 दिन चलने वाली इस यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू होगा। यात्री श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन और 554 नामित बैंक शाखाओं के माध्यम से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन शुल्क 150 रुपये प्रति व्यक्ति है।
यात्रा की जानकारी देते हुए जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष एलजी सिन्हा ने मीडिया को बताया कि गुफा में पहली पूजा 19 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा पर की जाएगी। यात्रा के लिए अनंतनाग से पारंपरिक 48 किमी लंबा नुनवान-पहलगाम रूट और गांदरबल से 14 किमी लंबा बालटाल रूट खुला रहेगा। यात्रा के लिए बेस कैंप जम्मू में भगवती नगर रहेगा, जहां से 3 जुलाई को पहला जत्था रवाना होगा। यात्रा के लिए 8 अप्रैल, 2026 के बाद जारी हुआ स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा 13 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्तियों को ही यात्रा की अनुमति मिलेगी। जिन महिलाओं की गर्भावस्था 6 सप्ताह से अधिक हो चुकी है, उन्हें अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रियों को वैध फोटो पहचान पत्र के रूप में अपने साथ आधार कार्ड या पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस रखना होगा।
बाबा बर्फानी की यात्रा इस साल 3 जुलाई से, रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरु
