नई दिल्ली। कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के विवादित गाने ‘सरके चुनरिया’ को सरकार द्वारा बैन कर दिया गया है और इस गीत को सभी डिजिटल प्लेटफार्मस से हटा लिया गया है। यह जानकारी बुधवार को लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। सदन में सपा सांसद आनंद भदौरिया ने गीत ‘सरके चुनरिया’ पर सवाल उठाते हुए इस गीत को तुरंत बैन करने की मांग की थी।
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने सदन को बताया कि इस गीत को बैन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘जिस गाने के बारे में मान्यवर सांसद महोदय ने कहा है उस पर पहले ही बैन लग चुका है। मैं पूरे सदन को कहना चाहूंगा कि हमें फ्रीडम ऑफ स्पीच में भारत के संविधान निर्माताओं ने जो उचित प्रतिबंध लगाए हैं, उन प्रतिबंध के हिसाब से ही चलना चाहिए। फ्रीडम ऑफ स्पीच का मतलब पूरी तरह से स्वतंत्रता नहीं है, यह समाज और संस्कृति के संदर्भ में ही होनी चाहिए।’
गौरतलब है कि फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गीत ‘सरके चुनरिया’ जिसे अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त पर फिल्माया गया है, के बोल और डांस स्टेप्स अश्लील और डबल मीनिंग माने गए और गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसका विरोध शुरु हो गया था। इस गाने के गीतकार रकीब आलम हैं और कोरियोग्राफ प्रेम हैं। संगीत अर्जुन जन्या ने दिया है और गायन मंगली ने किया है। सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) लिखित शिकायत भेजकर इस गीत पर तुरंत प्रतिबंध लगाने और इसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि गाने के बोल बेहद अश्लील, सेक्सुअली सजेस्टिव और डबल मीनिंग वाले हैं। मंगलवार को ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस गीत की शब्दावली पर ऐतराज जताते हुए निर्माता-निर्देशक को नोटिस जारी कर दिया। इस बीच, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भा इस गाने को तुरंत बैन करने की मांग करते हुए इसे भारतीय सिनेमा की छवि के खिलाफ बताया था। वहीं, फिल्म अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत ने भी इस गीत को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि फिल्मों में अश्लीलता की हदें पार हो चुकी हैं, जिस पर सख्ती जरूरी है।
विवादित गीत ‘सरके चुनरिया’ बैन कर दिया गया है: वैष्णव
