हरियाणा के राज्यपाल ने सिसवां झील और वन अभ्यारण्य का दौरा किया

चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष के साथ मंगलवार को सिसवां झील और उसके साथ लगते वन अभ्यारण्य के शांत वातावरण का दौरा किया और वहां की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिक समृद्धि का अनुभव किया।
इस मौके पर राज्यपाल प्रो. घोष, लेडी गवर्नर मित्रा घोष और हरियाणा लोक भवन के सचिव डीके बेहेरा ने मोटरबोट की सवारी की और शिवालिक पहाड़ियों के आसपास के नज़ारों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां स्थित संग्रहालय का भी दौरा किया, जिसमें क्षेत्र की पारिस्थितिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है और जिसे विभाग द्वारा अत्यंत सावधानीपूर्वक संरक्षित किया गया है। स्वच्छ वातावरण, शांत जल और सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचे से अत्यंत प्रभावित होकर, राज्यपाल प्रो. घोष ने इस प्राकृतिक और छिपे हुए स्थल को संरक्षित करने के लिए पंजाब के वन विभाग के प्रयासों की सराहना की। मंडल वन अधिकारी अमनीत सिंह (आईएफएस) ने उन्हें झील के महत्व, वन अभ्यारण्य की जैव विविधता और पंजाब के वन विभाग द्वारा किए जा रहे संरक्षण प्रयासों के बारे में जानकारी दी।


इस अवसर पर, पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत संधू ने सम्मान और स्मृति चिह्न के रूप में, राज्यपाल प्रो. घोष और लेडी गवर्नर मित्रा घोष को सिसवां झील का एक चित्र, साथ ही उनके नाम की पट्टिकाएं और फूलों के गमले भेंट किए। इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी नीतीश अग्रवाल, एसएमओ डॉ. राजेश तलवार, राज्यपाल के निजी सचिव शंख चटर्जी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *