मक्खन माजरा गौशाला में गायों की मौत पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन


चंडीगढ़। मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी को मक्खन माजरा स्थित गौशाला में 45 से अधिक गायों की मौत के मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों और गौसेवकों ने शुक्रवार को सेक्टर-17 स्थित निगम कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना दिया, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
श्री हिंदू तख्त, सनातन टास्क फोर्स व गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता भारी संख्या में निगम कमिश्नर कार्यालय के बाहर पहुंचे थे। सभी संगठन इस बात को लेकर रोष में थे कि मक्खन माजरा गौशाला में गायों की मौत की घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से एमओएच और अन्य कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया था।

श्री हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के अशोक तिवारी ने बताया कि प्रशासन ने एसआईटी बनाकर सभी दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही थी लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने किसी के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं की, बल्कि इस मामले में जिस एमओएच को दोषी मानते हुए सस्पेंड किया गया था, उसे दोबारा बहाल कर दिया गया है।

तिवारी ने कहा कि एसआईटी बनाने के बाद किसी भी सिट मेंबर को एडीसी के द्वारा नहीं बुलाया गया और ना ही जांच में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एमओएच का सस्पेंशन रद्द किया गया, उससे कहीं ना कहीं बहुत बड़ी जांच में कमियां पाई जाने का संकेत दिखाई दे रहा है।
श्री हिंदू तख़्त चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष दुबे ने कहा कि जो दोषी हैं उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर प्रशासन ढीला रवैया करेगा तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
सनातन टास्क फोर्स के गवेश राणा ने कहा कि जो दोषी है उन्हें प्रशासन ने दोबारा ड्यूटी पर लेकर कहीं ना कहीं सनातन प्रेमियों को चुनौती दी है। आने वाले समय में सभी धार्मिक सामाजिक संगठनों को एक साथ लेकर द्वारा एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गौ रक्षा दल के अमित शर्मा ने बताया कि जो दोषी हैं उन्हें बचाया जा रहा है। प्रशासन लीपा पोती करने की पूरी कोशिश कर रहा है। यह किसी भी कीमत में नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *