अमृतसर। आईआईएम (भारतीय प्रबंध संस्थान) अमृतसर के फेस्टिन पैलेस में आज 4 अप्रैल को अपने दसवें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन कर रहा है। यह विशेष अवसर एमबीए, एमबीए एचआर, एमबीए बीए, ईएमबीए और एमएसडी एसएम कार्यक्रमों के स्नातक छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होगा, जहां वे संस्थान के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा के सफल समापन का जश्न मनाएंगे।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मीनेश सी शाह उपस्थित रहेंगे। समारोह की शुरुआत दीक्षांत जुलूस से होगी, जिसके बाद बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष संजय गुप्ता, भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर के निदेशक प्रो. समीर कुमार श्रीवास्तव और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा छात्रों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान ही स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इसके अलावा छात्रों को उनती उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार, ऑल-राउंडर पुरस्कार, खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार, निदेशक की योग्यता सूची प्रमाण पत्र और स्वर्ण पदक शामिल हैं। इसके साथ ही उद्योग मानकों के अनुरूप उत्कृष्टता को मान्यता देने वाले कॉर्पोरेट सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। स्नातक छात्र सम्मान की शपथ लेंगे, जो सत्यनिष्ठा, जवाबदेही और पेशेवर जिम्मेदारी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करेगा। दीक्षांत समारोह में उनका भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर के पूर्व छात्र नेटवर्क में औपचारिक स्वागत भी किया जाएगा।
आईआईएम अमृतसर का दसवां वार्षिक दीक्षांत समारोह आज
