जाखड़ सम्मान देने वाली कांग्रेस के न हुए, पंजाब के क्या सगे होंगे: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़। पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा अमृतसर धरने के दौरान के दिए उस बयान पर कि पंजाब के लोगों को ‘बाहरी लोगों’ को बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए, ने सवाल किया कि हाल ही में भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह जो मोगा में रैली करने आए थे, क्या वह कोटकपूरा से आए थे? पन्नू ने कहा कि जो लोग खुद दिल्ली के इशारे पर पंजाब की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें दूसरों को बाहरी कहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
भाजपा और जाखड़ पर हमला बोलते हुए कहा कि आपकी असली समस्या यह है कि आज पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जो साधारण घरों के बेटे-बेटियों की सरकार है। आप जैसे प्रभावशाली नेता यह पचा नहीं पा रहे हैं कि एक आम आदमी सत्ता की कुर्सी पर बैठकर जनता की सेवा कैसे कर रहा है। आपने धरने में जो भी जहर उगला है, पंजाब के लोग उसे अच्छी तरह समझते हैं। राज्य के लोग जानते हैं कि असली ‘चिट्टे’ और भ्रष्टाचार के रखवाले कौन रहे हैं। जाखड़ की राजनीतिक वफादारी पर सवाल उठाते हुए पन्नू ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने आपको मान-सम्मान दिया, बड़े पदों की जिम्मेदारी सौंपी, जब आप उनके सगे नहीं हो सके, तो आप पंजाब और पंजाबियत के क्या सगे होंगे? उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी पुरानी पार्टी और विचारधारा के प्रति वफादार नहीं रहा, वह आज पंजाब के हितों की रक्षा करने का दिखावा कर रहा है।
आढ़तियों और किसानों के मुद्दे पर पन्नू ने साफ किया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने जानबूझकर आढ़तियों और किसानों के मुद्दे को उलझाया है। उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ केंद्र में अपनी सरकार की नाकामियों और पंजाब विरोधी नीतियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए झूठ और विरोध का सहारा ले रहे हैं। पंजाब के लोग अब गुमराह करने वाले प्रदर्शनों और झूठे बयानों में आने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *