यूरोप, अमेरिका की तरह अब पंजाब में 6 मिनट में मिलेगी पुलिस सहायता: मान

मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस को 508 इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन सौंपे, सभी 28 पुलिस जिलों में तैनात होंगे
सभी वाहन मोबाइल डेटा टर्मिनल, स्मार्टफोन, डैश कैमरे, वायरलेस सिस्टम और जीपीएस ट्रैकर से लैस

संगरूर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को राज्य भर में जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए 508 इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अब अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित देशों की तर्ज पर महज़ छह मिनट में पुलिस सहायता उपलब्ध कराएगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये वाहन डायल-112 सेवा के तहत सभी 28 पुलिस जिलों में तैनात किए जाएंगे, जो आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर डीजीपी गौरव यादव सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
धूरी स्थित लड्डा कोठी में आयोजित इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा कि हर राज्य की तरक्की में पुलिस प्रशासन का अहम योगदान रहता है, क्योंकि जिस राज्य की पुलिस चौकस, चुस्त-दुरुस्त व तकनीकी तौर पर मजबूत है। उन्होंने कहा कि क्राइम पर नकेल कसने के लिए सरकार ने डायल 112 प्रोजेक्ट को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले सरकार सभी थानों के एसएचओ को नई गाड़ियां दे चुकी है, वहीं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए भी वाहन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के मुताबिक, सभी वाहन मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्टफोन से लैस होंगे। इसके अलावा इनमें डैश कैमरा, वायरलेस सिस्टम, जीपीएस ट्रैकर समेत कई आधुनिक तकनीकी सुविधाएं भी मौजूद होंगी। इससे लोगों का फायदा होगा। वाहन तुरंत लोगों तक पहुंच पाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान पुलिस वाहनों के लिए 327.70 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, जिससे न केवल पुलिस बल का आधुनिकीकरण हुआ है बल्कि कानून-व्यवस्था भी मजबूत हुई है। आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर उन्होंने वादा किया था कि पंजाब पुलिस को देश की बेहतरीन पुलिस बलों में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आज इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन पहल के तहत 508 नई बोलेरो गाड़ियों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जा रहा है। इससे डायल-112 फ्लीट में कुल वाहनों की संख्या बढ़कर 764 हो गई है। ये सभी वाहन जीपीएस ट्रैकर, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं। बेहतर कुशलता के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि डायल-112 पर प्रतिदिन लगभग 15,000 कॉल प्राप्त होती हैं, जिनमें से करीब 1,500 कॉल पर तुरंत वाहन भेजे जाते हैं और प्रतिक्रिया समय को 30-45 मिनट से घटाकर 13-14 मिनट कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *