सेक्टर-9 में हेलमेट पहने हुए थे हमलावर, फरार पीयू में फायरिंग के 24 घंटे में ही दूसरी वारदात
चंडीगढ़। मध्य मार्ग सेक्टर-9 में बुधवार सुबह बाइक सवार दो हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मुल्लांपुर निवासी प्रापर्टी डीलर चरणप्रीत सिंह जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे ही थे कि नजदीक ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस को घटनास्थल से 12 खाली कारतूस बरामद हुए हैं। हमलावरों ने हेलमेट पहने हुए थे, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी और वह भागने में सफल रहे। पुलिस वारदात वाले इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर जैसे ही जिम से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठा, उस पर फायरिंग शुरू हो गई। चरणप्रीत सिंह को आठ गोलियां लगी। उनके साथियों ने उन्हें स्कॉर्पियो में ही पीजीआई ले जाने का प्रयास किया लेकिन अत्याधिक खून बह जाने के कारण चरणप्रीत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चरणप्रीत सिंह पर जब फायरिंग हुई, वह अपनी गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे थे और ज्यादातर गोलियां उनकी छाती पर लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल पुलिस की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। डीएसपी दलबीर सिंह ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और अभी तुरंत इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते। जांच पूरी होते ही पूरी जानकारी दे दी जाएगी। यह वारदात सेक्टर-9 के ऐसे इलाके में हुई है, जो चंडीगढ़ प्रशासन मुख्यालय और चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ में लगातार दूसरे दिन खुलेआम फायरिंग की वारदात हुई, जिसमें अपराधी फायरिंग के बाद आसानी से भागने में सफल रहे हैं। मंगलवार शाम को पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू नेता पर गोलियां चलाई गई थी। हालांकि सोपू नेता इस वारदात में बाल-बाल बच गए लेकिन हमलावरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।