पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बब्बर खालसा के दो सदस्य हथियारों समेत काबू

चंडीगढ़। गुरदासपुर जिला पुलिस, अमृतसर ग्रामीण पुलिस और एसएसओसी अमृतसर की टीमों ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर कार्यवाही करते हुए बड़ी सफलता हासिल की और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा प्रायोजित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सदस्यों को गिरफ्तार कर पंजाब में एक नियोजित आतंकी हमले को नाकाम कर दिया। दोनों के कब्जे से हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस मोड्यूल का संचालन एक विदेशी हैंडलर द्वारा किया जा रहा था। दोनों आरोपियों से बरामद हथियारों में 5 हैंड ग्रेनेड, 2 डेटोनेटर, करीब एक किलो उच्च क्षमता का विस्फोटक (जिसमें कीलें भी जमा की गई थीं), कोडर और डिकोडर वाला पीटीटी टाइमर, 9 वॉट की बैटरी, केबल और ट्रिगर मैकेनिजम वाला वॉकीटाकी शामिल है। पूरे मामले में गुरदासपुर जिले के कलानौर पुलिस स्टेशन में विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मोड्यूल में शामिल विदेशी संचालकों और स्थानीय सहयोगियों की पहचान और उनके बीच संबंधों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू की है। पंजाब पुलिस ने राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सफल अभियान आतंकी साजिशों को नाकाम करने में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और सक्रिय दृष्टिकोण को उजागर करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *