टटरी सांग विवाद में सिंगर बादशाह की गिरफ्तारी का आदेश


पानीपत। हरियाणा महिला आयोग ने टटीरी सांग विवाद में शुक्रवार को बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए। बादशाह को समन जारी कर शुक्रवार को पानीपत में आयोग के समक्ष पेश होने को कहा गया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनके वकीलों ने यह कहते हुए आयोग से समय देने की मांग की कि बादशाह किसी प्रोफेशनल कामकाज में व्यस्त होने के कारण आज नहीं आ सके।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेणू भाटिया ने इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए पहले तो बादशाह के वकीलों को दोपहर 3 बजे तक का समय दिया। बाद में उन्होंने पानीपत और पंचकूला के एसपी को बादशाह की गिरफ्तारी और उनका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आयोग को इस मामले में सख्ती दिखानी ही होगी। एसपी को भेजे गए निर्देश में आयोग की तरफ से कहा गया कि बादशाह द्वारा महिला आयोग के आदेश की अवहेलना को देखते हुए उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
गौरतलब है कि टटीरी सांग के आपत्तिजनक चित्रण पर महिला आयोग के समक्ष रोहतक व पानीपत के महिला संगठनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। पंचकूला में पुलिस ने 6 मार्च को बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही यूट्यूब से विवादित टटीरी सांग को हटवा दिया था। 6 मार्च को ही महिला आयोग ने बादशाह को समन जारी कर 13 मार्च को पेश होने के आदेश दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *