चंडीगढ़। चंडीगढ़ की सुखना लेक को गुरुवार 26 मार्च से 28 मार्च दोपहर डेढ़ बजे तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। यानी कल और परसों सुबह की सैर के लिए आने वाले लोग भी यहां सैर नहीं कर सकेंगे। यह फैसला 27 व 28 मार्च को सुखना लेक पर होने जा रहे एयर-शो के मद्देनजर लिया गया है। एयर-शो के लिए 27 मार्च को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी।
गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीसी निशांत यादव ने बताया कि एयर-शो में आने वाले लोगों को बिना प्री-बुकिंग प्रवेश नहीं मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि एयर-शो के दोनों दिन 10-10 हजार लोग लेक पर पहुंचेंगे और उनके लिए पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों को सुखना लेक तक लाने-ले जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है और सुखना लेक क्षेत्र में किसी भी निजी वाहन को अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि 300 बसों की व्यवस्था की गई है और एयर-शो के आनलाइन बुक किए जाने वाले टिकट मोबाइल फोन पर या पेपर प्रिंट के रूप में लोगों को अपने पास रखने होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों को सुखना लेक तक लाने-ले जाने वाली बसों के कंडक्टर टिकट को स्कैन करेंगे, जिसके बाद ही बसों में भी बैठने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने शहर को 7 जोन में बांटा है, जहां से लोग सुखना लेक पहुंचने के लिए टिकट बुक करते समय ही अपना पिक-अप स्थल चुन सकेंगे। यह सात पिक-अप प्वाइंट हैं- रेलवे कालोनी ग्राउंड मनीमाजरा, दशहरा ग्राउंड मनीमाजरा, परेड ग्राउंड सेक्टर-17, रैली ग्राउंड सेक्टर-25, मेला ग्राउंड सेक्टर-34, पार्किंग एरिया उप्पल सोसायटी मनीमाजरा और पार्किंग ललित होटल आईटी पार्क। एयर-शो के लिए टिकट का मूल्य 100 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है और टिकट की बुकिंग चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप पर 24 मार्च से जारी है। सभी पिक-अप प्वाइंट से सुबह 8 बजे से बसें उपलब्ध रहेंगी। केवल प्री-बुकिंग वाले लोगं को ही अनुमति मिलेगी और फोटो आईडी व क्यूआर कोड वाले पास के जरिए एंट्री मिल सकेगी। लोगों को आयोजन स्थल पर केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की आज्ञा होगी और किसी तरह का बैग या खाने का सामान ले जाने पर रोक होगी।
एयर-शो के लिए सुखना लेक आज से जनता के लिए बंद
