वाशिंगटन। ईरान के खिलाफ युद्ध में नाटो देशों का समर्थन नहीं मिलने से निराश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। युद्ध को लेकर अपने ही घर में विरोध का सामना कर रहे ट्रंप को पहला झटका, अमेरिकी राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी केंद्र (एनसीटीसी) के प्रमुख जोसेफ केंट की तरफ से लगा है, जिन्होंने ईरान के खिलाफ जारी युद्ध को अमेरिका के लिए गैरजरूरी ठहराते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
राष्ट्रपति ट्रंप को लिखे अपने इस्तीफे में केंट ने कहा कि वह इस युद्ध का समर्थन नहीं कर सकते क्योंकि इसे सही कारणों से शुरू नहीं किया गया है। केंट ने लिखा- ईरान से अमेरिका को तत्काल कोई खतरा नहीं था। ऐसे हालात में युद्ध की कोई जरूरत नहीं थी। यह साफ लग रहा है कि हमने यह युद्ध इज्राइल और उसकी समर्थक अमेरिकी लॉबी के दबाव में शुरु किया है। केंट ने इस्तीफे में आगे लिखा- राष्ट्रपति ट्रम्प के समक्ष गहन विचार-विमर्श के बाद, मैंने राष्ट्रीय आतंकवाद-विरोधी केंद्र के निदेशक पद से आज से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। मैं अपनी अंतरात्मा के विरुद्ध ईरान में जारी युद्ध का समर्थन नहीं कर सकता। उन्होंने लिखा- मैं उन मूल्यों और विदेश नीतियों का समर्थन करता हूं जिन्हें आपने (ट्रंप ने) 2016, 2020 और 2024 के चुनावों में अपने पहले कार्यकाल के दौरान लागू किया था।
ईरान से युद्ध के खिलाफ ट्रंप के शीर्ष अधिकारी ने दिया इस्तीफा
