
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वीरवार को कथित भ्रष्टाचार के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दो आईएएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह अधिकारी हैं- 2011 बैच के आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार और 2012 बैच के रामकुमार सिंह। यह दोनों अधिकारी एचसीएस कैडर से प्रमोट होकर आईएएस कैडर में आए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का हेडक्वार्टर चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य सचिव (सर्विस 1 ब्रांच) का कार्यालय रहेगा। वहीं, कैथल के सिटी मजिस्ट्रेट पद पर तैनात 2023 बैच के एचसीएस अधिकारी गुरविंदर सिंह को भी निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान इनका हेडक्वार्टर भी चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य सचिव (सर्विस 1 ब्रांच) का कार्यालय रहेगा।
प्रदीप कुमार इस समय निदेशक स्टेट ट्रांसपोर्ट हरियाणा और परिवहन विभाग के विशेष सचिव के पद पर तैनात थे जबकि राम कुमार सिंह इस समय हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव के साथ-साथ पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथारिटी के अतिरिक्त सीईओ के पद संभाल रहे थे।
