विवेक अग्निहोत्री ने नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा की

मुंबई। ‘द कश्मीर फाइल्स’, ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों के बाद, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार ने अब अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा की है। गुरुवार को विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस नई फिल्म के बारे में जानकारी दी।
यह फिल्म जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 2025 में हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर भारत के सैन्य अभियान की कहानी पर आधारित है। फिल्म की कहानी लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ‘टाइनी’ ढिल्लों की पुस्तक ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित होगी। इस फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री करेंगे और इसका निर्माण भूषण कुमार की ‘टी-सीरीज’ और विवेक अग्निहोत्री की ‘आई एम बुद्धा प्रोडक्शंस’ संयुक्त रूप से करेंगी।
इस फिल्म के बारे में भूषण कुमार का कहना है, “2025 में पहलगाम में हुई एक घटना में निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई। भारत ने इसका मुंहतोड़ जवाब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से दिया। यह कहानी दुनिया के सामने आनी चाहिए। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि देश के इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना का दस्तावेजी प्रमाण है।” विवेक अग्निहोत्री का कहना है कि “भारत ने न केवल पहलगाम हमले का बदला लेकर पाकिस्तान को दंडित किया, बल्कि दुनिया को आधुनिक युद्ध में अपनी ताकत भी दिखाई। इस फिल्म के माध्यम से यह दिखाया जाएगा कि इस अभियान में वास्तव में क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यों हुआ, इसे समझने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों के विभिन्न विभागों के सहयोग से शोध किया गया है, क्योंकि यह तथ्य जनता तक पहुंची जानकारी से कहीं अधिक चिंताजनक है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *