पंजाब के सरकारी स्कूलों के 72 शिक्षकों का बैच ट्रेनिंग के लिए फिनलैंड रवाना

पंजाब के शिक्षकों का यह सबसे बड़ा बैच, अब तक भेजे तीन बैचों में 216 ने ली ट्रेनिंग

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को, प्रशिक्षण हासिल करने के लिए फिनलैंड जा रहे सरकारी स्कूलों के 72 शिक्षकों के सबसे बड़े बैच को रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शिक्षकों को प्रशिक्षण देने, आधुनिक कक्षाओं और शैक्षिक सुधारों से पंजाब के शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है, जिससे देश भर में राज्य अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।

रवानगी से पहले शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा, “कुल 72 सरकारी स्कूल शिक्षकों को फिनलैंड के विश्व स्तर पर प्रसिद्ध विश्वविद्यालय तुर्कू में उत्कृष्ट शिक्षा प्रशिक्षण के लिए चुना गया है। ये शिक्षक 29 मई तक आधुनिक शिक्षा पद्धतियों, नवीन कक्षा अभ्यासों, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण मॉडलों और विश्व स्तर पर स्थापित शिक्षा प्रणालियों की गहरी समझ हासिल करेंगे।” चयनित बैच में 43 ई.टी.टी. शिक्षक, 16 हेड टीचर, 12 सेंटर हेड टीचर और एक बी.पी.ई.ओ. शामिल हैं।

फिनलैंड प्रशिक्षण कार्यक्रम के महत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “यह पहल पंजाब के शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करने और भविष्य के लिए तैयार शैक्षिक अभ्यासों से लैस करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। यह सिर्फ औपचारिक विदेशी यात्रा नहीं है, बल्कि नया सीखने का शानदार अनुभव है, जिसका उद्देश्य सीधे तौर पर पंजाब की कक्षाओं में व्यावहारिक नवीनता लाना है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *