पंजाब में एससी विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल शुरू

शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विस्तृत कार्यक्रम भी जारी
योजना प्रारंभ होने की तिथि: 1 जुलाई 2026
विद्यार्थियों द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि: 15 नवंबर 2026
त्रुटिपूर्ण (Defective) आवेदनों में सुधार की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026
संस्थान स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026
डीएनओ/एसएनओ/एमएनओ स्तर पर अंतिम सत्यापन: 15 दिसंबर 2026

चंडीगढ़। पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया है कि अनुसूचित जाति (एससी) विद्यार्थियों के लिए पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (शैक्षणिक सत्र 2026-27) का पोर्टल आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। योजना को अधिक पारदर्शी, आधुनिक एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से इसे नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जो 1 जुलाई 2026 से विद्यार्थियों के लिए सक्रिय हो चुका है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का स्पष्ट मानना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के सपनों में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने राज्य के सभी पात्र अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं तथा अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन अवश्य जमा करें, ताकि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।

योजना को जमीनी स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाने के लिए डॉ. बलजीत कौर ने सभी जिला सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांवों एवं दूरदराज़ के इलाकों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जानकारी के अभाव अथवा प्रक्रिया संबंधी कठिनाइयों के कारण कोई भी पात्र विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, स्कूल शिक्षा तथा पशुपालन विभाग के निदेशकों सहित सभी संबंधित विभागों एवं उनके अधीन शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों को आवेदन भरने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा समय पर आवेदन जमा कराने में सक्रिय सहयोग दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *