न्यू जर्सी। फीफा विश्व कप में नॉर्वे ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर न सिर्फ विश्व कप टूर्नामेंट से बाहर कर दिया बल्कि खुद भी पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में रविवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालांड ने अंतिम 11 मिनट में दो शानदार गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। हालांकि मुकाबले की शुरुआत से ही ब्राज़ील ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में उसे पेनाल्टी भी मिली। लेकिन नॉर्वे के गोलकीपर ऑर्जन नायलैंड ने ब्रूनो गुइमाराएस की पेनाल्टी को शानदार अंदाज से बचाकर ब्राज़ील को बढ़त लेने से रोक दिया। नायलैंड ने पूरे मैच में कई बेहतरीन बचाव किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के 79वें और 89वें मिनट में एरलिंग हालांड ने लगातार दो गोल कर ब्राज़ील की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। इंजरी टाइम में ब्राज़ील को दूसरी पेनाल्टी मिली, जिस पर नेमार ने गोल कर स्कोर 2-1 किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और नॉर्वे ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ हालांड ने टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या सात कर ली और वह Lionel Messi की बराबरी पर पहुंच गए हैं। अब क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे का सामना 11 जुलाई को मियामी में सह-मेजबान मेक्सिको या इंग्लैंड से होगा। वहीं, Carlo Ancelotti के मार्गदर्शन में खेल रही ब्राज़ील की टीम के लिए 1990 के बाद यह पहला मौका है कि वह क्वार्टर फाइनल से पहले ही विश्व कप से बाहर हो गई।
