चंडीगढ़। पाकिस्ताग ने पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। भारत में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता से पाकिस्तान के हटने के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन पंजाब के जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक किया जाना है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं और भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा परिस्थितियों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट को किसी तटस्थ स्थान पर आयोजित करने की मांग की थी। पाकिस्तान की ओर से यह विकल्प भी सुझाया गया था कि उसके मुकाबले किसी अन्य देश में कराए जाएं। हालांकि, इस मांग पर सहमति नहीं बनने के बाद पाकिस्तान ने प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया।
यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान की हॉकी टीम ने भारत में आयोजित किसी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लिया है। पिछले साल, पाकिस्तान की जूनियर पुरुष टीम ने भारत में हुए जूनियर वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया था और उसकी जगह ओमान को शामिल किया गया था। पाकिस्तान के हटने से टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। भारत का पाकिस्तान के साथ प्रस्तावित मुकाबला अब नहीं होगा और भारतीय टीम 1 नवंबर को मलेशिया से भिड़ेगी। बांग्लादेश के शामिल होने के बाद प्रतियोगिता में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।
टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले जालंधर स्थित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता के अंतिम चरण के मुकाबले मोहाली में आयोजित होंगे। सेमीफाइनल 4 नवंबर को, जबकि कांस्य पदक और फाइनल मुकाबले 5 नवंबर को खेले जाने प्रस्तावित हैं।
