मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के खंडाला एग्जिट के पास स्थित मिसिंग लिंक सेक्शन पर बड़ा भूस्खलन हो गया। सुबह करीब 3.30 बजे हुए भूस्खलन के चलते मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद कर दी गई, जबकि सुरक्षा कारणों से दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने तथा मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटे हैं।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एक्सप्रेस-वे के साथ-साथ पुराने मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
इस बीच, भारी मानसूनी बारिश ने मुंबई, पुणे और आसपास के जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, पुणे, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों तक अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
बारिश का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। सोमवार तड़के कर्जत और लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा रेलवे पटरियों पर आ गिरा। इसके चलते मुंबई-पुणे रेल मार्ग की तीनों लाइनें प्रभावित हुईं और डेक्कन क्वीन, इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस तथा सिंहगढ़ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रद्द या वैकल्पिक मार्ग से संचालित करना पड़ा है।
