पटियाला और बरनाला में बीएलओ से दुर्व्यवहार करने वालों पर एफआईआर दर्ज

बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: सीईओ
सभी डीईओ को बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

चंडीगढ़। पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के पटियाला और बरनाला जिलों में बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आई हैं, जिनका गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। उन्होंने बताया कि पटियाला के आनंद नगर क्षेत्र में बूथ संख्या 113 के बीएलओ पर एक स्थानीय निवासी ने उस समय हमला कर दिया, जब अधिकारी एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में उससे आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे थे। इस घटना के बाद थाना त्रिपड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 115(2), 351(3), 221 और 132 के तहत आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि इसी प्रकार बरनाला जिले के धनौला क्षेत्र में बूथ संख्या 103, अकालगढ़ कोठे के बीएलओ के साथ भी एसआईआर संबंधी कार्य के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने गाली-गलौज की और हमला किया। इस संबंध में थाना धनौला में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 132, 221 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने राज्य के सभी जिला चुनाव अधिकारियों (DEO) को निर्देश दिए हैं कि वे एसआईआर अभियान के दौरान बीएलओ की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने पंजाब के सभी मतदाताओं से भी अपील की कि वे बीएलओ को पूर्ण सहयोग दें और यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में इस प्रकार की अप्रिय घटनाएं न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *