चंडीगढ़। राजस्थान परिषद (रजि.) चंडीगढ़ की ओर से रविवार को सेक्टर-33 स्थित राजस्थान भवन में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपराओं और तीज उत्सव की रंगारंग झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार की कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
महोत्सव के दौरान राजस्थानी लोक गीतों, पारंपरिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को राजस्थान की समृद्ध विरासत से रूबरू कराया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में तीज उत्सव की खुशियां मनाईं और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा कि हरियाली तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने राजस्थान परिषद की ओर से संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ने बताया कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। राजस्थान परिषद के अध्यक्ष राज किशोर, उपाध्यक्ष रामावतार शर्मा, महासचिव किशन लाल बोथरा,कोषाध्यक्ष रजनीश जैन और संयुक्त सचिव विनोद सेठिया सहित परिषद के अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। महोत्सव में बड़ी संख्या में राजस्थान समाज के लोग उपस्थित रहे।
