अवैध हथियारों के तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 6 हैंड ग्रेनेड व 12 पिस्तौल के साथ 3 गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (Counter Intelligence) अमृतसर ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 6 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी विदेश में बैठे एक मुख्य तस्कर के सीधे निर्देशों पर काम कर रहे थे। इस पूरे नेटवर्क को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और विदेश में सक्रिय बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के गुर्गों का पूरा समर्थन हासिल है। आरोपियों ने यह खतरनाक खेप (कंसाइनमेंट) पंजाब में सार्वजनिक शांति को भंग करने और देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के मकसद से हासिल की थी। इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट , विस्फोटक पदार्थ अधिनियम  और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *