पुणे। KTM ने भारत में KTM Adventure Rally Extreme की घोषणा की है। इस खास रैली अनुभव में KTM Adventure बाइक मालिकों को 2018 Dakar Rally चैंपियन और दिग्गज रैली राइडर मैटियास वॉकनर के साथ समय बिताने, उनसे सीखने और ऑफ-रोड राइडिंग का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।
इस कार्यक्रम के दो प्रमुख हिस्से होंगे। पहला Face to Face सेशन है, जिसकी फीस 500 रुपये रखी गई है। इसमें सभी राइडिंग उत्साही हिस्सा ले सकते हैं। वॉकनर अपने डकार सफर, रेसिंग अनुभव और ऑफ-रोड चुनौतियों से जुड़ी बातें साझा करेंगे। दूसरा हिस्सा Ride & Train है, जिसकी फीस 5,000 रुपये है। यह विशेष रूप से KTM Adventure मालिकों के लिए होगा। इसमें रैली माइंडसेट, रोडबुक नेविगेशन, बाइक रिकवरी, ट्रेल-साइड रिपेयर, फिजिकल कंडीशनिंग और ऑफ-रोड राइडिंग जैसे कौशल सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में KTM 390 Adventure पर एक स्कोर आधारित रैली चैलेंज भी आयोजित होगा।
मुंबई में Face to Face कार्यक्रम 11 सितंबर को Rangsharda Auditorium में होगा, जबकि Ride & Train 12-13 सितंबर को Adventure Square, Aamby Valley में आयोजित किया जाएगा। बेंगलुरु में क्रमशः 15 सितंबर को NIMHANS Convention Centre और 16-17 सितंबर को Tribal Adventure Cafe में कार्यक्रम होगा।
दोनों शहरों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एक-एक राइडर को यूरोप में मैटियास वॉकनर के मार्गदर्शन में दो दिवसीय एडवांस रोडबुक नेविगेशन ट्रेनिंग के लिए ऑल-एक्सपेंस-पेड यात्रा का मौका मिलेगा। KTM के अनुसार, यह पहल भारतीय राइडर्स को डकार रैली की तकनीक, तैयारी, अनुशासन और मानसिक मजबूती को करीब से समझने का अवसर देगी। कार्यक्रम के लिए आवेदन और बुकिंग की जानकारी KTM India की आधिकारिक वेबसाइट Ktmindia.com पर उपलब्ध है।
