नई दिल्ली। केंद्र सरकार पर छात्रों से किए गए कथित वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर को युवा विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा।
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच X पर मार्च को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी Gen Z, युवा प्रदर्शनकारियों और आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ कथित “विश्वासघात” स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी के अनुसार, 25 जुलाई को छात्रों के आंदोलन को वापस लेने के दौरान केंद्र सरकार की ओर से कुछ आश्वासन दिए गए थे। CJP का आरोप है कि इन वादों को अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। सौरव दास ने केंद्र सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को भरोसा नहीं है कि नरेंद्र मोदी सरकार 25 जुलाई को छात्र प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा करेगी।
CJP ने युवाओं और समर्थकों से 5 सितंबर के मार्च में शामिल होने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा और इसका उद्देश्य सरकार को कथित लंबित वादों की याद दिलाना है।
