नशों के विरुद्ध युद्ध के 381वें दिन पुलिस ने दबोचे 69 नशा तस्कर
चंडीगढ़। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर शुरू की गई ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम के 56वें दिन मंगलवार को पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित 587 ठिकानों पर छापेमारी की। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के सहयोग से सभी जिलों में पुलिस टीमों ने 178 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस प्रकार इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 15,072 अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही राज्य पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम “युद्ध नशों विरुद्ध” को 381वें दिन भी जारी रखते हुए मंगलवार को 69 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 547 ग्राम हेरोइन, 550 ग्राम अफीम, 918 किलोग्राम भूक्की, 544 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1300 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही केवल 381 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 53,965 हो गई है।
उल्लेखनीय है कि “गैंगस्टरों पर वार” अभियान प्रदेश को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से 20 जनवरी 2026 को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। मंगलवार को पुलिस टीमों ने 99 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की, जबकि 59 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 5 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने लोगों से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी देने का आग्रह भी किया है।