पंजाब को 40 साल बाद फिर मिला राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी का मौका

बीएआई ने पंजाब को सौंपी सब-जूनियर नेशनल प्रतियोगिता
33 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 350 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

जालंधर। पंजाब राज्य 40 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (बीएआई) ने 38वीं सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के आयोजन का जिम्मा पंजाब को सौंपा है। इससे पहले पंजाब में राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 1987 में जालंधर में आयोजित हुई थी और खास बात यह है कि 40 साल बाद इस बार भी चैम्पियनशिप का आयोजन जालंधर में होगा।
इस संबंध में पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि यह चैंपियनशिप 9 से 12 दिसंबर 2026 तक रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम जालंधर में आयोजित होगी। इसमें 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खन्ना ने बताया कि पीबीए लगातार बीएआई के संपर्क में था और स्टेडियम की बेहतर सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद ही मेजबानी का अधिकार दिया गया। उन्होंने कहा कि विजेताओं को कुल 10 लाख रूपए का नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इस चैंपियनशिप में अंडर-13 लड़के और लड़कियों के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले होंगे, जो बीएआई अधिकारियों की निगरानी में कराए जाएंगे। खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और अधिकारियों के रहने और खाने की व्यवस्था पीबीए द्वारा की जाएगी। गौरतलब है कि रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में 10 कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स शॉप और फिजियोथेरेपी सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। खन्ना ने कहा कि इस आयोजन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को देखने और उनके साथ खेलने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *