भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री नायब सैनी होंगे शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यक्रम स्थल का किया दौरा, दिए जरूरी दिशानिर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा है कि डा. भीम राव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को पंचकूला के सेक्टर-5 परेड ग्राउंउ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। दोपहर 1.30 बजे इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि डा. अंबेडकर की जयंती का यह कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होगा।
बड़ौली ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के साथ सेक्टर-5 परेड ग्राउंड का दौरा किया। इस अवसर पर एडिशनल डायरेक्टर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग वर्षा खंगवाल और उपायुक्त पंचकूला व डीसीपी पंचकूला मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ौली ने बाबा साहेब की जयंती पर होने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए बड़ौली ने कहा कि डा. अंबेडकर की जयंती को भाजपा उत्साह के साथ पूरे प्रदेश में मना रही है। 13 अप्रैल को भाजपा के कार्यकर्ता बाबा साहेब की प्रतिमाओं के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाएंगे और सायं के समय दीपोत्सव होगा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पूरे प्रदेश मेंं उत्साह और श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।
