नगर निकाय चुनाव शहर के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है : नायब सैनी

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार देर शाम पंचकूला के सेक्टर-16 में सर्व समाज द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह नगर निकाय चुनाव शहर के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हम कंक्रीट के जंगल नहीं बनाना चाहते, बल्कि शहर में स्वच्छ वातावरण विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श शहर बनाने के लिए कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा के मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और सभी वार्ड प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। सैनी ने विश्वास जताया कि जनता का जो भरपूर समर्थन भाजपा को मिल रहा है इससे स्पष्ट है कि भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी और सभी प्रत्याशी प्रचंड बहुमत से जीतकर आएंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में 21 वादे किए हैं और इन वादों को पूरा करना डबल इंजन सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ मेयर और पार्षदों द्वारा लाए गए हर विकास कार्य को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी ताकत है और उसी के आधार पर विकास की गति को और तेज किया जाएगा। सैनी ने कहा कि उनकी सरकार ने पंचकूला में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया है। आने वाले समय में इन विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला को आदर्श शहर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में कूड़ा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कंक्रीट के जंगल नहीं, बल्कि संतुलित और स्वच्छ वातावरण वाला शहर विकसित करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *