ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से सांसद धर्मवीर गांधी का नाम हटाने की खबर गलत

चंडीगढ़। पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाए जाने की खबरों को राज्य चुनाव आयोग ने गलत और निराधार बताया है। राज्य चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सांसद धर्मवीर गांधी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम 13 अगस्त 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में मौजूद हैं।

जानकारी के अनुसार, डॉ. धर्मवीर गांधी का नाम विधानसभा क्षेत्र संख्या 115-पटियाला के पार्ट नंबर 98 में दर्ज है। सूची में सांसद के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी शामिल हैं। इस संबंध में राज्य चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए नाम हटाए जाने की खबरों को तथ्यहीन बताया है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची में क्रम संख्या 44 से 48 तक धर्मवीर गांधी के परिवार के सदस्यों के नाम दर्ज हैं। इनमें उनकी पत्नी जगदंबा कौशल, बेटी रोहानी प्रशार, पुत्रवधू चाहत साहूजा, पुत्र नबेंदु और स्वयं सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी शामिल हैं।

राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता के नाम से संबंधित जानकारी को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्मों से अपील की है कि मतदाता सूची से जुड़ी खबरों को प्रकाशित करने से पहले आधिकारिक रिकॉर्ड से उनकी पुष्टि की जाए। आयोग के मुताबिक SIR 2026 की प्रक्रिया जारी है और मतदाताओं को भी अपने नाम तथा अन्य विवरणों की जांच आधिकारिक मतदाता सूची में करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *