मुंबई। भारतीय संगीत जगत को आज उस समय गहरा आघात लगा जब दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें शनिवार को कथित तौर पर हृदयाघात के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए इस खबर की पुष्टि की, जहां ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी भी मौजूद थे।
डॉ. प्रतीत समदानी ने दिग्गज गायिका के निधन की पुष्टि की। डॉ. समदानी ने बताया, “आशा भोसले ने आज ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका निधन कई अंगों के फेल होने के कारण हुआ।” उनके बेटे आनंद भोसले ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, “मेरी मां आशा भोसले का आज निधन हो गया है। कल सुबह 11 बजे लोग उनके निवास पर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं…” उन्होंने आगे बताया कि अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे होगा।
आशा भोसले ने 1943 में अपने संगीतमय सफर की शुरुआत की और भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिभाशाली और बहुमुखी पार्श्व गायिकाओं में से एक बनकर उभरीं। उन्होंने कई भारतीय भाषाओं में गाने गाए और फिल्म संगीत, निजी एल्बमों और वैश्विक स्तर पर लाइव प्रस्तुतियों में अपनी एक अलग पहचान बनाए रखी। संगीत में उनके योगदान के लिए उन्हें कई शीर्ष सम्मान मिले, जिनमें पद्म विभूषण (2008) और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार शामिल हैं, जो सिनेमा के क्षेत्र में भारत का सर्वोच्च सम्मान है।
पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन
