पीएम आदर्श योजना के तहत पंजाब के 484 गांवों को केंद्र देगा 20-20 लाख रुपये की ग्रांट: सांपला

चंडीगढ़। दलित बहुल आबादी वाले पंजाब के 484 गांवों को प्रधानमंत्री आदर्श योजना के तहत कवर किए जाने पर पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। इन गांवों में 40 प्रतिशत से अधिक आबादी दलित है और केंद्र सरकार द्वारा इन गांवों में विकास कार्यों के लिए 20-20 लाख रुपये तक की ग्रांट दी जाएगी। चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय से जारी बयान में विजय सांपला ने कहा कि इस योजना का लाभ केवल सड़कों या भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है। इसके तहत पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, आवास, बिजली, स्वच्छ ईंधन, कृषि, वित्तीय समावेशन, डिजिटल सुविधाओं तथा रोजगार एवं कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में भी कार्य किए जा सकेंगे।
सांपला ने कहा कि दलित समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और आर्थिक अवसरों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश में सबसे अधिक दलित आबादी वाला राज्य है और यहां 32 प्रतिशत से अधिक दलित आबादी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अब तक दलितों को केवल अपना वोट बैंक समझा है और गांवों के विकास की ओर आवश्यक ध्यान नहीं दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *