अमरजीत चावला के खिलाफ एसआईटी से जांच की मांग

धर्म युद्ध मोर्चे का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिला
चंडीगढ़।  मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को गुरप्रीत सिंह खालसा के नेतृत्व वाले ‘धर्म युद्ध मोर्चा’के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार श्री आनंदपुर साहिब की दुखद घटना की तत्काल, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित करेगी। इसके लिए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यह भरोसा सिख संस्थाओं द्वारा इस मामले की एसआईटी जांच की मांग को लेकर बार-बार दिए गए ज्ञापनों के मद्देनजर दिया गया है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मान ने लंबे समय से लंबित शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के चुनाव बिना किसी अनावश्यक देरी के करवाने तथा समयबद्ध कार्रवाई और उचित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सिख पंथ से जुड़े सभी मामलों का समाधान करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा, “बटाला में चल रहे ‘धर्म युद्ध मोर्चे’ के नेता गुरप्रीत सिंह खालसा जी के साथ चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक की। हमने सिख पंथ से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लंबे समय से लंबित चुनाव बिना किसी देरी के जल्द करवाए जाएं। श्री आनंदपुर साहिब में हुई दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मैंने भरोसा दिलाया कि इस मामले की गहन जांच के लिए तत्काल एस.आई.टी. गठित की जाएगी। जांच जल्द पूरी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हमारी सरकार सिख पंथ से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का तत्काल और उचित समाधान तलाशने के लिए प्रतिबद्ध है।” प्रतिनिधिमंडल को कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *