रामगढ़ के TBRL यूनिट में हुआ उच्च क्षमता वाले बम का सफल परीक्षण

पंचकूला। पंचकूला जिले के रामगढ़ में स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल) में रविवार को एक उच्च क्षमता वाले बम का सफल परीक्षण किया गया। यह परीक्षण व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में आयोजित किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षण सफल रहा और स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए इसे अंजाम दिया गया।
गौरतलब है कि उपरोक्त परीक्षण को देखते हुए, टीबीआरएल, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कई दिनों पहले से ही उच्च सतर्कता जारी कर दी थी। परीक्षण स्थल और उसके आसपास के इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीरता से पालन करने को कहा गया था। इसके साथ ही साथ पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई थी।
यह आशंका थी कि परीक्षण के दौरान बम के टुकड़े उड़कर 1.5 किलोमीटर की दूरी तक जा सकते हैं। लिहाजा सुरक्षा की दृष्टि से 2 किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया था। रामगढ़ क्षेत्र के अधीन भानु और बिल्ला गांवों को अत्यधिक सावधानी बरतने के विशेष निर्देश जारी किए गए थे। परीक्षण की समयावधि के दौरान दोनों गावों के लोगों को घरों के भीतर ही रहने की हिदायत दी गई थी और इस दौरान इलाके के बाजार भी बंद रखे गए ताकि आम लोगों की आवाजाही न हो सके। इस दौरान पूरे क्षेत्र में पंचकूला पुलिस के जवान भी तैनात रहे, जिन्होंने आम लोगों के बचाव के लिए उपाय किए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *