चंडीगढ़। गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर साईं लाडली गुरु मां बंटी महंत – किन्नर समाज और साईं मंदिर ट्रस्ट सेक्टर 29 चंडीगढ़ के आपसी सहयोग से साईं बाबा जी को सोने का छत्र अर्पित किया गया। साईं बाबा को पूरे विधि-विधान से छत्र पहनाया गया।
साईं लाडली गुरु मां बंटी महंत- किन्नर समाज और साईं मंदिर ट्रस्ट के महासचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर साईं बाबा जी को बाबा जी को चढ़ाए गए सोने के छत्र में 40 तोले गोल्ड व 5 किलो चांदी है, जिस पर कुल लागत 75 लाख के करीब आई है। उन्होंने बताया कि साईं मंदिर ट्रस्ट और बंटी महंत की तरफ से 50-50 फीसदी हिस्सा शेयर किया गया है। बंटी महंत ने कहा कि मौजूदा समय मे सब अपने अपने धर्मो और जातिवाद में उलझे हुए हैं जबकि साईं जी ने कभी किसी धर्म मे भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज हर धर्म को समान रूप से मानता है। उनके समाज में हिंदू, मुस्लिम सहित सभी धर्मों के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करते, समाज में समानता बनाए रखना हमारा उद्देश्य है। हमारा धर्म प्रेम, समर्पण और सेवा का है। बंटी महंत ने कहा कि ट्रैफिक लाइट्स पॉइंट पर जो किन्नर बन कर खड़े है, उनसे किन्नर समाज का कोई लेना देना नही है। वो हमारे समाज का हिस्सा नहीं है। पब्लिक को चाहिए कि वो ऐसे नकली किन्नरों को पकड़ कर पुलिस के हवाले करे।
