सीईओ ने सभी राजनीतिक दलों से की बीएलए नियुक्त करने की अपील
राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक के दौरान दी एसआईआर संबंधी जानकारी
24453 बीएलओ, 2476 सुपरवाइजर, 117 ईआरओ, 234 एईआरओ तैनात
चंडीगढ़। पंजाब में भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा करवाई जा रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के संबंध में शुक्रवार को राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने प्रदेश की पंजीकृत व मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे एसआईआर संबंधी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्तियां जल्द से जल्द कर दें ताकि इन बीएलए को बीएलओ के साथ समय रहते प्रशिक्षण दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एसआईआर के प्रत्येक चरण में बीएलओ द्वारा बीएलए के साथ जानकारी साझा की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों से कहा कि बीएलए-1 की नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाए।
मित्रा ने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया के दौरान पंजाब का मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय राजनीतिक पार्टियों के साथ लगातार संपर्क में रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने वोटर संबंधी अधिकारियों के बारे में भी राजनीतिक पार्टियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तहत पंजाब में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे। इस कार्य के लिए 24453 बीएलओ, 2476 सुपरवाइजर, 117 ईआरओ और 234 एईआरओ सहित पूरा चुनाव अमला लगाया गया है। उन्होंने बताया कि एसआईआर संबंधी बीएलओ को प्रशिक्षण देने और अन्य तैयारियों का कार्य 15 जून से 24 जून तक किया जाएगा। मित्रा ने बताया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में 89.58 प्रतिशत मैपिंग हो चुकी है, जबकि शहरी क्षेत्रों में 73 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में भी पंजाब में एसआईआर हुई थी। उसी एसआईआर को आधार बनाकर वर्तमान एसआईआर की जा रही है।
