चंडीगढ़। संत गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से 29 जुलाई को प्रारंभ हुई पवित्र मिट्टी की राष्ट्रव्यापी यात्रा का 1 अगस्त प्रातः 10 बजे पंजाब सीमा पर पैराडाइज रिजॉर्ट गांव झरमड़ी (लालरू के निकट) पहुंचने पर भाजपा के नेताओं एवं प्रमुख संतों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यह पवित्र यात्रा राम तलई रोड डेराबस्सी तथा मेट्रो होलसेल जीरकपुर से होते हुए आर्य समाज मंदिर सेक्टर-7 चंडीगढ़ पहुंचेगी, जहां एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद पवित्र मिट्टी से युक्त कलश यात्राओं को पंजाब के सभी जिलों के लिए रवाना किया जाएगा, जो संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में छह माह तक चलने वाले राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ होगा।
2 से 6 अगस्त तक कलश यात्राएं पंजाब के सभी जिला मुख्यालयों से गांव-गांव तक पहुंचेंगी और संत गुरु रविदास जी महाराज के समानता, बंधुत्व, सामाजिक न्याय तथा बेगमपुरा के आदर्श का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगी। इसके बाद विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा युवाओं के बीच दो माह का विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 20 फरवरी को वाराणसी में आयोजित समापन यात्रा के साथ पूर्ण होगा।
शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि पार्टी ने संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में छह माह का व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है, जिसका उद्देश्य गुरु जी के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और न्याय के संदेश को पंजाब के प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी इससे पहले श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व तथा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को भी राष्ट्रीय स्तर पर मनाया है और अब संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
