तलवंडी साबो में 11वीं पंजाब स्टेट गतका चैंपियनशिप का सफल आयोजन

तलवंडी साबो। पंजाब गतका एसोसिएशन द्वारा तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो में चार दिवसीय 11वीं पंजाब स्टेट सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर गतका चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस चैंपियनशिप में पंजाब के सभी जिलों से 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चार दिवसीय चैंपियनशिप में पंजाब के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने गतका के अलग-अलग मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह आयोजन युवा पीढ़ी को सिख मार्शल आर्ट गतका से जोड़ने तथा इस पारंपरिक खेल को और अधिक प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ऑल इंडिया गतका फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. राजिंदर सिंह सोहल ने की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गतका खेल को ऑल इंडिया स्तर पर मान्यता प्राप्त है और सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में भी गतका खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बच्चों को खेल भावना और खेल की मर्यादा का पालन करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. सोहल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें अपने जीवन में गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर हलका तलवंडी साबो के शिरोमणि अकाली दल के इंचार्ज रवि प्रीत सिंह सिद्धू ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में इस पारंपरिक एवं विरासत से जुड़ी खेल के साथ जोड़ना चाहिए और गतका खेल को प्रोत्साहित करने के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए।
गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव बलजिंदर सिंह ने पंजाब गतका एसोसिएशन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार टेक सिंह धनौला तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी का आभार जताया, जिन्होंने इस आयोजन के लिए पंजाब गतका एसोसिएशन को भरपूर सहयोग दिया। इस मौके पर गुरप्रीत सिंह जज्जल, रघुवीर सिंह डेहलों, हरमनजोत सिंह, राजवीर सिंह, तरविंदर सिंह, काका सिंह बुंगा मस्तुआना साहिब, नरिंदरजीत सिंह भवानीगढ़, भोला सिंह इंचार्ज धर्म प्रचार कमेटी मालवा जोन, जगतार सिंह हेड ग्रंथी, ज्ञानी गुरजंट सिंह ग्रंथी, बाबा गुरविंदर सिंह जी (जत्थेदार पंज प्यारे), बाबा चरणजीत सिंह जी जत्थेदार कार सेवा दिल्ली तथा सुखा सिंह जज्जल भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *