‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में 10 लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, चौथा सीजन 5 सितंबर से

मुख्यमंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा, क्यू.आर. कोड आधारित पंजीकरण शुरू
9 उम्र वर्गों में 38 खेलों के मुकाबले और चार पैरा-खेल होंगी शामिल: मुख्यमंत्री

स्वर्ण पदक विजेताओं को 10,000 रुपये
रजत पदक विजेताओं को 7,000 रुपये
कांस्य पदक विजेताओं को 5,000 रुपये

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 5 सितंबर को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम से शुरू होने जा रहे ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीजन के लिए अधिकारियों को पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राज्य के इस सबसे बड़े खेल आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष लगभग 10 लाख खिलाड़ियों के इसमें हिस्सा लेने की उम्मीद है, जबकि 38 खेलों के मुकाबले और चार पैरा-खेल पूरे पंजाब की खेल प्रतिभा को तराशने और निखारने के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करेंगे।

बैठक की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री मान ने एक्स पर लिखा, “आज ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के आगामी सीजन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और प्रबंधों का जायजा लिया। हमारी सरकार पंजाब की जवानी को खेलों से जोड़ने और राज्य को फिर से खेलों में नंबर एक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इन खेलों में हिस्सा लेने वाले विजेता खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं पंजाब के सभी युवाओं और खेल प्रेमियों से अपील करता हूं कि वे इन खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। क्यू.आर. कोड स्कैन करें और आज ही अपना पंजीकरण करवाएं। आइए, मिलकर पंजाब को खेलों में फिर से अग्रणी राज्य बनाएं।” इस बैठक में मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रूजम, विशेष सचिव सूचना एवं लोक संपर्क पुनीत गोयल भी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कहा, “यह बहुत ही गर्व और संतुष्टि की बात है कि इस वर्ष इन खेलों में लगभग 10 लाख खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इन खेलों की विशेषता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ विभिन्न पीढ़ियों के लोगों को एकजुट करती हैं। उन्होंने बताया कि “पिछले सीजनों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों-दादा, पुत्र और पोते ने इन खेलों में हिस्सा लिया था।” उन्होंने बताया कि इस सीजन में 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु तक के 9 आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुल 38 खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जबकि चार पैरा-खेल—एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल—को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार लड़कों और लड़कियों, दोनों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट को ‘प्रदर्शनी खेल’ के रूप में शामिल किया गया है, जो उभरते खिलाड़ियों को भाग लेने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा।ये खेल पंजाब के सभी 153 ब्लॉकों में करवाए जाएंगे, जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं सभी 23 जिलों में आयोजित होंगी। राज्य स्तरीय खेल राज्य के 16 जिलों में होंगे।
इन खेलों का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय पदक विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं, जिनमें स्वर्ण पदक विजेताओं को 10,000 रुपये, रजत पदक विजेताओं को 7,000 रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 5,000 रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ी ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के लिए पहली बार शुरू की गई क्यू.आर. कोड आधारित सुविधा के माध्यम से या sports.punjab.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब स्पोर्ट्स पोर्टल के माध्यम से यह सभी के लिए महज 15 सेकंड की बेहद सरल प्रक्रिया है। मैं खिलाड़ियों से अपील करता हूं कि वे अपना विवरण दर्ज करें और प्रतियोगिता के लिए तैयार हो जाएं।” खेलों के लिए पंजीकरण फिलहाल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *