अवैध खनन, शराब रैकेट चलाने के अलावा बिल्डरों से वसूली की स्वतंत्र जांच कराने की उठाई मांग
चंडीगढ़। शिरोमणी अकाली दल (शिअद) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मण के करीबी लोगों द्वारा बिल्डरों से कथित वसूली के अलावा अवैध खनन और शराब रैकेट चलाने के मामलों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा मोहाली में अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल पर छापे के बाद जिस तरह से मुख्यमंत्री के ओएसडी के विश्वासपात्रों ने पैसे से भरे बैग हवा में फेंके, उससे पंजाब और उसके संसाधनों की लूट का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने कहा कि केवल गहन जांच से ही इन रैकेट के सरगनाओं का पता चल सकता है।
मजीठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के ओएसडी और उनके सहयोगी वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलकर किसानों से सस्ती जमीनें हड़पकर बिल्डरों से रिश्वत लेकर बेच रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस गिरोह के सदस्य बिना किसी भी मंजूरी के कई जगहों पर अवैध खनन की अनुमति देने और हजारों ट्रकों की आवाजाही की निगरानी करने के भी दोषी हैं। उन्होंने कहा,‘‘ यही लोग गैर कानूनी शराब का कारोबार करने वाले शराब माफिया चलाने में भी शामिल हैं।’’ वरिष्ठ अकाली नेता ने कहा कि ईडी ने जिन लोगों के घरों पर छापेमारी की, उनमें नितिन गोहल, बीरदेवेंदर सिंह और प्रीतपाल ढ़ींडसा शामिल हैं, जो मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुम्मण के करीबी हैं और इतना करीबी रिश्ता है कि ये तीनों एक दूसरे की कारों, फोन, घरों और कार्यालयों का भी इस्तेमाल करते हैं।’’
