प्रोस्टेट कैंसर व पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए दुनियाभर के राइडर्स होंगे एकजुट
पुणे। दुनियाभर के मोटरसाइकिल प्रेमियों के बीच लोकप्रिय “द डिस्टिंग्विश्ड जेंटलमैन्स राइड 2026” (Distinguished Gentleman’s Ride) का 13वां संस्करण एक सामाजिक उद्देश्य के साथ 17 मई को आयोजित किया जा रहा है। यह राइड 17 मई को भारत सहित विश्व भर के 100 से अधिक देशों में एक साथ आयोजित होगी। इस बार इस राइड का सामाजिक उद्देश्य प्रोस्टेट कैंसर रिसर्च और पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना व फंड जुटाना है।
इस अभियान को 124 साल पुरानी प्रतिष्ठित मोटरसाइकिल निर्माता ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स (Triumph Motorcycles) द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है। इस वर्ष की राइड भारत में ट्रायम्फ के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह ब्रांड भारतीय सड़कों पर 1 लाख मोटरसाइकिलों का आंकड़ा पार कर चुका है, जो देश में इसके तेजी से बढ़ते समुदाय का प्रमाण है। कंपनी की तरफ से उम्मीद जताई गई है कि इस साल डिस्टिंग्विश्ड जेंटलमैन राइड में भारत के 50 से अधिक शहरों में 1 लाख से अधिक ट्रायम्फ मालिकों की सक्रिय भागीदारी होगी।
“द डिस्टिंग्विश्ड जेंटलमैन्स राइड” के तहत दुनियाभर के राइडर्स क्लासिक और माडर्न-क्लासिक मोटरसाइकिलों के साथ स्टाइलिश अंदाज़ में सड़कों पर उतरेंगे। खास बात यह भी है कि यह राइड केवल ट्रायम्फ मोटरसाइकिल मालिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी ब्रांड की क्लासिक या मॉडर्न-क्लासिक बाइक के राइडर्स इसमें हिस्सा ले सकते हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुरुषों के स्वास्थ्य से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना है। बीते वर्षों में इस अभियान ने वैश्विक स्तर पर करोड़ों डॉलर की फंडिंग जुटाकर कई स्वास्थ्य परियोजनाओं को सहयोग दिया है।
इस वर्ष भी प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। सबसे अधिक फंड जुटाने वाले राइडर्स को लिमिटेड-एडिशन Triumph Bonneville T120 मोटरसाइकिल, क्लासिक राइडिंग गियर और कई अन्य विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। राइड में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट gentlemansride.com/register पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आयोजकों ने सभी राइडर्स से अपील की है कि वे अपने सबसे शानदार क्लासिक परिधानों में शामिल हों और “जेंटलमैन” अंदाज़ में राइड कर इस नेक उद्देश्य का समर्थन करें।
“द डिस्टिंग्विश्ड जेंटलमैन्स राइड 2026” की घोषणा के मौके पर, बजाज ऑटो लिमिटेड के प्रो-बाइकिंग के अध्यक्ष, मानिक नांगिया ने कहा, “डिस्टिंग्विश्ड जेंटलमैन राइड एक सवारी से कहीं अधिक है – यह एक वैश्विक आंदोलन है जो एक सार्थक उद्देश्य के लिए मोटरसाइकिल चालकों को एक साथ लाता है। हम पूरे भारत के राइडर्स को आमंत्रित करते हैं कि वे हमारे साथ जुड़ें, शानदार तरीके से राइड करें और एक ऐसे नेक काम में योगदान दें जो वास्तव में महत्वपूर्ण है।”
