प्रो. संपत सिंह का दावा-
केंद्र व राज्यों ने 2014-15 से 2025-26 के बीच पेट्रोलियम पर टैक्स से करीब 75 लाख करोड़ कमाए
हरियाणा सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर टैक्स के ज़रिए 1 लाख करोड़ रूपए से ज़्यादा कमाए
सरकारी तेल कंपनियों ने 10 लाख करोड़ और रिलायंस जैसी निजी कंपनियों ने 9 लाख करोड़ कमाए
चंडीगढ़। पूर्व मंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने भाजपा की केंद्र और हरियाणा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह सरकार सबसे बड़ी लुटेरी सरकार साबित हुई है। पेट्रोल-डीजल में 7.50 रुपये प्रति लीटर, घरेलू गैस सिलेंडर में 110 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये की मनमानी बढ़ोतरी न सिर्फ लूट है, बल्कि जनता के साथ खुली बर्बरता है।
चंडीगढ़ स्थित इनेलो पार्टी मुख्यालय पर वीरवार को प्रेस वार्ता के दौरान प्रो. संपत सिंह ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि 31 मई तक बढ़ी हुई कीमतें वापस न की गईं तो 1 जून को पूरे हरियाणा में इनेलो का आक्रामक विरोध प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स तुरंत कम किए जाएं। निजी और सरकारी कंपनियों की मुनाफाखोरी पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पेट्रोलियम और गैस को राजनीतिक हथियार बना लिया है। जब चुनाव आते हैं तो कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल होने पर भी दाम नहीं बढ़ाए जाते, वोट लूट लिए जाते हैं। और जैसे ही चुनाव खत्म होते हैं, कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर से नीचे गिर जाने के बावजूद जनता की कमर तोड़ दी जाती है। यह बेहद घटिया और धोखेबाज राजनीति है।
भाजपा की लूट का खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों ने 2014-15 से 2025-26 के बीच पेट्रोलियम पर 75 लाख करोड़ रुपये की भारी लूट की। हरियाणा की भाजपा सरकार ने अकेले पेट्रोल-डीजल पर 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली की। सरकारी तेल कंपनियों ने 10 लाख करोड़ और रिलायंस जैसी निजी कंपनियों ने 9 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। जनवरी से मार्च 2026 के बीच निजी तेल कंपनियों का मुनाफा 41 प्रतिशत बढ़ गया।
