राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जारी किया नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अध्यक्ष को लड्डू खिलाकर बधाई दी
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता को भाजपा हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से पत्र भी जारी कर दिया गया है। पानीपत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डा. अर्चना गुप्ता को लड्डू खिलाकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित पूरे संगठन को धन्यवाद किया और आभार जताया। पेशे से डाक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में भाजपा का संगठन काफी मजबूत है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म, सम्प्रदाय, जाति, वर्ग सहित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण पर काम करना मेरी सबसे ज्यादा प्राथमिकता है, ताकि महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक से अधिक भागीदारी हो सके।
डा. अर्चना गुप्ता के राजनीतिक कैरियर पर नजर डालें तो, वह 9 सितंबर 2015 को पानीपत जिला महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनीं। जून 2017 में जिला जनसंपर्क और शिकायत निवारण समिति सदस्य नियुक्त किया गया। उन्होंने 13 अगस्त 2019 से 5 जनवरी 2024 तक पानीपत जिला अध्यक्ष के पद पर रहीं। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने 5 जनवरी 2024 को डा. अर्चना गुप्ता को संगठन में प्रदेश महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी दी। डा. अर्चना गुप्ता वर्तमान में अग्रवाल संगठन हरियाणा में सचिव , राष्ट्रीय सेविका समिति की सदस्य, भारत विकास परिषद की सदस्य हैं। सक्रिय राजनीति में आने से पहले से ही डा. अर्चना गुप्ता 2014 से विश्व हिंदू परिषद की भारतीय स्वास्थ्य रेखा की हरियाणा उपाध्यक्ष हैं। 2013 से 2014 तक डा. अर्चना गुप्ता ने विश्व हिंदू परिषद की मेडिकल सेल की सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली है।
